Wednesday, January 13, 2021

बलौदाबाजार से लीलाधर कुम्हार की रचना- किसान

रचनाकार - लीलाधर कुम्हार
जिला - बलौदाबाजार (छत्तीसगढ़)
विषय - किसान
विधा - छंद मुक्त कविता
शीर्षक - मैं खेतिहर किसान हूँ
****************************

     // मैं खेतिहर किसान हूँ //

माटी पुत्र कहाने वाला ,
मैं खेतिहर किसान हूँ ।
ऋण में जीता ऋण में मरता ,
भारत की पहचान हूँ ।।

अपढ़ देहाती सीधा - सादा ,
सुख - संतोष ही पूँजी है ।
ठाट - बाट से कोसों दूर ,
तन पर एक लँगोटी है ।।
छोटी - सी कुटिया के वासी ,
मैं बापुरा नादान हूँ ।
ऋण में जीता.......।।१।।

थोड़ी सी जमीन है मेरी ,
पत्नी और दो बच्चे ।
माता - पिता की देखभाल ,
सब कुछ मेरे जिम्मे ।।
श्रम की पूजा करने वाला ,
मेहनतकश इंसान हूँ ।
ऋण में जीता.......।।२।।

हल - बैलों के साथ सबेरे ,
खेत जोतने जाता हूँ ।
फसल उगाता सींच पसीना ,
सबको अन्न खिलाता हूँ ।।
भूखा रहकर भूख मिटाता ,
धरती की संतान हूँ ।
ऋण में जीता......।।३।।

घोर गरीबी और महँगाई ,
सदियों से है निगल रहा ।
सेंठ जमीदारों से शोषित ,
मैं लाचार तड़प रहा ।।
मंदमति मैं भोला भाला ,
दुनिया से अनजान हूँ ।
ऋण में जीता......।।४।।

खुले हाथ देते रहना ही ,
मेरा शाश्वत धर्म है ।
त्याग और सेवा ही जग में ,
मेरा जीवन कर्म है ।।
जन्मभूमि की सदा सर्वदा ,
गाता मैं गुणगान हूँ ।
ऋण में जीता......।।५।।
 
माटी पुत्र कहाने वाला ,
मैं खेतिहर किसान हूँ ।
ऋण में जीता ऋण में मरता ,
भारत की पहचान हूँ ।।

       ---#---#---#---

No comments:

Post a Comment

दुर्ग से प्रिया गुप्ता की रचना- चाहत

कवि-प्रिया गुप्ता जिला- दुर्ग राज्य-छत्तीसगढ़ शीर्षक-चाहत विधा-काव्य संपर्क-7974631528  दीवानगी दीवानों की वफ़ा है दोस्तो   काति...