Friday, November 6, 2020

रायगढ़ से पुष्पा पटनायक कृत आलेख- जीवन और लक्ष्य

रचयिता- पुष्पा पटनायक 
स्थान-बनाई तमनार, रायगढ़ 
विधा- आलेख
शीर्षक -"जीवन और लक्ष्य "
****************************               
                 लक्ष्य का निर्धारण जितना आसान है ,उतना ही कठिन उसे हासिल करने के लिए उस पर डटे रहना या उसे हासिल कर लेना होता है । लक्ष्य प्राप्त करने के लिए या उस तक पहुंचने के लिए कठिन रास्ते तय करने पड़ते हैं । इसलिए सही निर्णय एवं इच्छाशक्ति से अपने लक्ष्य तक  वही लोग पहुंचते हैं ,जो लक्ष्य से अपना ध्यान नहीं भटकने देते । ऐसे लोगों की निगाहें सदा लक्ष्य पर सधी रहती हैं ।
               जीवन में लक्ष्य हासिल करना सामान्य बात नहीं इसके लिए कठिन मेहनत की आवश्यकता होती है ।लगन और मेहनत के रास्ते ही मंजिल तक पहुंचते हैं ।लक्ष्य के रास्ते में धैर्य एवं खुद के मेहनत पर विश्वास बनाए रखने की बहुत आवश्यकता होती है ।
                जीवन का एक मकसद बनाकर चलने से तो एक चींटी भी पहाड़ को पार कर लेती है ।इसका साक्षात इतिहास गवाह है कि कैसे एक लाचार सामान्य सा ब्राम्हण चाणक्य ने अपने जीवन का लक्ष्य मगध को का सर्वनाश करने का बनाया और अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से अपनी महत्वाकांक्षा सिद्ध कर ली । बाद में अखंड भारत बनाने में अपनी महती भूमिका भी सिद्ध की।
    आज जमाना बहुत प्रतिस्पर्धा पूर्ण हो गया है। साधन और सुविधाओं के मुकाबले जनसंख्या निरंतर बढ़ रही है । ऐसे में अपने अस्तित्व समाज में स्थापित करने के लिए जीवन का एक मजबूत उद्देश्य बनाना अति आवश्यक है । उद्देश्य पर तटस्थ रहते हुए कड़ा परिश्रम इसकी विशेष मांग है ।अन्यथा पथ में सैकड़ों पथ कंटक पैर छलनी कर पथ से  भटकाने में कोई कसर न छोड़ेंगे।
                 जिस प्रकार गुरु द्रोण ने अपने शिष्यों को लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना सिखाया और जिसके बदौलत उनके शिष्य अर्जुन एक सर्वश्रेष्ठ धनुर्धर बने ठीक उसी प्रकार वर्तमान में भी बच्चों के लिए इस पर कार्य करने की आवश्यकता है ।उन्हें जीवन के इस महत्वपूर्ण पक्ष से रूबरू करवा कर एक मजबूत लक्ष्य के साथ मजबूत इंसान बनाने पर कार्य करने की जरूरत है।ताकि वे समाज में एक उत्कृष्ट नागरिक बन सकें और  राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वहन उचित ढंग से कर सकें।

No comments:

Post a Comment

दुर्ग से प्रिया गुप्ता की रचना- चाहत

कवि-प्रिया गुप्ता जिला- दुर्ग राज्य-छत्तीसगढ़ शीर्षक-चाहत विधा-काव्य संपर्क-7974631528  दीवानगी दीवानों की वफ़ा है दोस्तो   काति...