Monday, September 21, 2020

लीलाधर कुम्हार जी की रचना-नदी

रचनाकार - लीलाधर कुम्हार
जिला - बलौदाबाजार ( छ. ग. )
विषय - नदी
विधा - छंद मुक्त कविता 
शीर्षक -  नदी
*************************
          //  नदी  //

नदी एक संस्कृति है ,
सभ्यता है ।
धरती पर 
अमृतमय जलपान कराने वाली
माँ है ।
नदी एक आस्था है ,
श्रद्धा है , तीर्थ है ,
पूजा है , धर्म है ।
रोक - टोक व कष्टों से जूझती
सतत प्रवाहमान नदी 
स्वयं एक उदाहरण है
परोपकार , सेवा और त्याग का ।
वह गुणों की खान है ,
स्चच्छता व पवित्रता का प्रतीक है,
भाव भरा अलौकिक संगीत है ।
विचारों , मान्यताओं व परम्पराओं  का
 संगम है नदी ,
भूत  भविष्य एवं वर्तमान की 
त्रिवेणी है नदी ।
सच कहूँ तो ,
इस सृष्टि में 
सभी जीवधारियों का जीवन है
नदी ।
निरन्तर व सस्वर 
प्रवाहित होती है नदी 
प्रेम मे पगी व्याकुलता के साथ
अपने आधार , मूल व उद्गम 
जीवनदाता सागर से 
एकाकार होने को ।
वह मनुष्य की भाँति 
अपने आधार , मूल व उद्गम 
जीवनदाता  ( परमात्मा ) को 
भूलती नहीं ।

        

No comments:

Post a Comment

दुर्ग से प्रिया गुप्ता की रचना- चाहत

कवि-प्रिया गुप्ता जिला- दुर्ग राज्य-छत्तीसगढ़ शीर्षक-चाहत विधा-काव्य संपर्क-7974631528  दीवानगी दीवानों की वफ़ा है दोस्तो   काति...