जिला/राज्य का नाम- बलौदाबाजार,छत्तीसगढ़
कवि का नाम- राज कुमार जायसवाल
कविता -
संघर्ष-स्मृति संघर्ष क्षणों की याद आएगी॥
यदि दोष है,तो सुधार करेंगे।
यदि घृणा है,तो प्यार करेंगे।
फूल चुन कंटक पेड़ों से,
निज कंठों का हार करेंगे।
जब तक साँस, न छूटे आस,
ये जिंदगी जन्मों बाद आएगी॥
संघर्ष क्षणों की याद आएगी॥
अब आज परीक्षा के क्षण में ।
हम हारें न जीवन रण में।
तन होय तरु से तृण भले,
हम डटे रहें अपने प्रण में।
कर-कर विश्वास, सुखकर मधुमास,
सूखे पत्तों पर मँडराएगी॥
संघर्ष क्षणों की याद आएगी॥
पग उठा सत-पथ में अपने।
चलें, सँग लिये रँगी-सपने।
जाएँ सजाते पड़ाव सारे,
उगाते आनंद पेड़ घने। पथ ना छोड़ें।
रथ ना मोड़ें।
तो सिद्धि स्वतः मिल जाएगी।
संघर्ष क्षणों की याद आएगी॥
राज कुमार जायसवाल प्राथमिक शिक्षक केंद्रीय विद्यालय क्र.3,भुवनेश्वर
No comments:
Post a Comment