Thursday, July 30, 2020

सूरजपुर से डॉ ओमकार साहू "सर्द" की रचना- ज्ञान

रचनाकार:- डॉ ओमकार साहू "सर्द" 
प्रेमनगर, सूरजपुर, छ0ग0
विधा :- कुकुभ छंद 16/14, पदांत 222
====================
         *ज्ञान की महिमा*
  

*गहन तिमिर है जड़ मानव में, चेतन दीप जलाओ री।*
*वस्तु अमोलक ज्ञान पदारथ, शिक्षा अलख जगाओ री।।*

ज्ञान सदा ही पूजनीय है, जो सद्कर्म सिखाती है।
सज्जन-दुर्जन भेद कराये, परहित मर्म सिखाती है।
लिंग भेद की गर्त मिटाकर, मानुष चर्म दिखाती है।
बड़े बुजुर्ग का मान बढ़ाये, बोली नर्म बनाती है।।

*ज्ञानी कबीर सा भवसागर से, नैय्या पार लगादो री....*
*वस्तु अमोलक ज्ञान पदारथ, शिक्षा अलख जगाओ री।।*

ज्ञान सदा अस्तेय पदारथ, नहीं चोर अपनायेगा।
खरचै बुद्धि अंश जो कोई, नित-नित बढ़ता जायेगा।
शिक्षा धन ना जाये अकारथ,कष्ट-गरल हर जायेगा।
ज्ञान चक्षु संधान करें यही, क्लिष्ट-सरल कर जायेगा।

*कठिन डगर है ज्ञानी मिलकर, दीपक ज्ञान बढ़ाओ री....*
*वस्तु अमोलक ज्ञान पदारथ, शिक्षा अलख जगाओ री।।*

बुद्ध-विवेका-महावीर सम, ज्ञानी संत समाज मिले।
मीरा-सूर ने भक्ति गायी, तानसेन का साज मिले।
ज्ञान कुंड की तपोभूमि से, कुंदन राम सुराज मिले।
सरस्वती की कृपादृष्टि से, मधुर कंठ आवाज मिले।

*दूजा पुण्य नहीं है ऐसा, शिक्षा दान कराओ री...*
*वस्तु अमोलक ज्ञान पदारथ, शिक्षा अलख जगाओ री..! 

No comments:

Post a Comment

दुर्ग से प्रिया गुप्ता की रचना- चाहत

कवि-प्रिया गुप्ता जिला- दुर्ग राज्य-छत्तीसगढ़ शीर्षक-चाहत विधा-काव्य संपर्क-7974631528  दीवानगी दीवानों की वफ़ा है दोस्तो   काति...