जिला - बलौदाबाजार ( छ. ग.)
विषय - क्या होती है कविता ?
विधा - छंद मुक्त कविता
शीर्षक - कविता
********************************
// कविता //
कविता
थिरकन है
हृदय के भावों की ,
मन की कल्पना और विचारों का
विशेष पद - लेखन है ।
कविता
प्रेम की अभव्यक्ति है ,
वाणी और साहित्य का श्रृंगार है ,
विलासिता और मनोरंजन का
बौद्धिक साधन भी है ।
कविता
दुःख , पीड़ा व करुणा से प्रेरित
अंतःकरण की आवाज है ,
विरह और वेदना का गीत है ,
सुकून भरा संगीत है ,
सांत्वना का मरहम है ।
कविता
एक ईश्वरीय गान है ,
श्रद्धा और भक्ति की खान है ,
आनंद व शांति की अनुभूति है ,
यथार्थ से परमार्थ की यात्रा है ,
आध्यात्मिक अनुसंधान है ।
वास्तव में कविता
एक मधुर झरना है
जो
मन बुद्धि और हृदय की गहराइयों से
प्रस्फुटित होती है ।
कविता तो कविता है ,
कविता को पूरी तरह समझ पाना
आसान नहीं है ,
कविता को जो समझ गया ,
पहचान गया
एवं आत्मसात कर लिया ,
वह
कौन हो सकता है ,
एक कवि के सिवाय ?
---#---#-–#---
No comments:
Post a Comment