Friday, September 20, 2019

छत्तीसगढ़ से कवि कन्हैया साहू 'अमित' की कृति- दोहा छंद

रचना-कन्हैया साहू 'अमित'
राज्य-छत्तीसगढ़
विधा-दोहा छंद
संपर्क-9200252055

********************************
*दोहे का दोहा (दोहा विधान)*

गागर में सागर भरे, दोहा छंद प्रवीर।
दिखने में छोटा अमित, घाव करे गंभीर।।-1

तेरह ग्यारह गिन लिखें, अनुपम दोहा छंद।
कुल मात्रा चौबीस से, उपजेगा आनंद।-2

ग्यारहवीं मात्रा अमित, रखें सदा लघु भार।
दोष रहित होगा सृजन, दोहा फिर दमदार।-3

शब्द चयन आधार है, कल संयोजन प्राण।
विषम विषम सम साधिए, होगा तब कल्याण।-4

चार चरण दो पद सहित, दोहा अति अभिराम।
एक तीन दो चार का, यहाँ विषम सम नाम।-5

आदि जगण मत राखिए, करता यह व्यवधान।
उचित जगह यति गति लगे, रहे यही बस ध्यान।-6

विषम चरण लघु गुरु अमित, रखें चरण के अंत।
मात्राओं के ज्ञान से, भाव सृजन सुखवंत।-7

चरण अंत सम का रखें, गुरु अरु लघु  अनिवार्य।
मूल मंत्र दोहा अमित, विधि सम्मत स्वीकार्य।-8

दोहा रचना है सहज, इसका सरल विधान।
अमित सतत अभ्यास ही, देता अतुलित मान।-9

रखिये रचना में सदा, उत्तम उचित तुकांत।
मात्रा गणना हो सही, इति दोहा सूत्रांत।-10
*******************************
कन्हैया साहू "अमित"
शिक्षक भाटापारा छत्तीसगढ़

1 comment:

दुर्ग से प्रिया गुप्ता की रचना- चाहत

कवि-प्रिया गुप्ता जिला- दुर्ग राज्य-छत्तीसगढ़ शीर्षक-चाहत विधा-काव्य संपर्क-7974631528  दीवानगी दीवानों की वफ़ा है दोस्तो   काति...